उत्तराखंडताजा खबरें

राष्ट्रपति उद्यान बनेगा देहरादून की नई पहचान, DM ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

  • प्रकृति और आधुनिकता का अनूठा संगम बनेगा राष्ट्रपति उद्यान
  • देहरादून को मिलेगी नई पहचान, राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण अंतिम चरण में

देहरादून:  राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अब प्रत्येक शुक्रवार को कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति उद्यान केवल एक पार्क नहीं, बल्कि देहरादून की नई पहचान बनेगा। यह परियोजना हरियाली, पर्यटन, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश और देशभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।

अधिकारियों ने बताया कि विद्युत विभाग का लगभग 80 प्रतिशत और उद्यान विभाग का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उद्यान में थीम पार्क, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2.7 किलोमीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक, 840 मीटर का बोर्डवॉक, 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योगा पवेलियन, व्यूइंग डेक, वॉटरफॉल डेक, स्पोर्ट्स जोन और विशाल लीची गार्डन विकसित किए जा रहे हैं।

डीएम ने पार्किंग, प्रवेश द्वार और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) की देखरेख में केबीजी इंजीनियर्स द्वारा कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, केबीजी इंजीनियर्स के प्रोजेक्ट मैनेजर फराज, सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, उद्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button