थारू समाज के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: CM धामी

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा में आयोजित थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने बीएसएफ के एवरेस्ट विजेता मोहन सिंह राणा और आईटीबीपी के एवरेस्ट विजेता टीला सेन को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार थारू सहित सभी जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया गया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नशे के खिलाफ भी केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त अभियान चला रही हैं।
उन्होंने कहा कि संवाद कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सरकार और थारू समाज के बीच विश्वास और विकास की साझेदारी को मजबूत करने का माध्यम है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के माध्यम से जनजातीय समाज को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में जनजातीय परिवारों को लाभ मिला है। खटीमा में बालिका छात्रावास, बाजपुर में विद्यालय एवं छात्रावास, गदरपुर में 100 बेड का छात्रावास और थारू राजकीय इंटर कॉलेज में खेल मैदान व ऑडिटोरियम के आधुनिकीकरण जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और वन धन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम, पेयजल, बिजली, गैस कनेक्शन तथा जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि थारू समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, हर युवा आत्मनिर्भर बने और हर बेटी शिक्षित एवं सशक्त हो। कार्यक्रम में थारू समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जनजातीय समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।




