उत्तराखंडताजा खबरें

नवविवाहिता शिक्षिका सृष्टि कंडारी संदिग्ध मौत मामला, पति और ननद गिरफ्तार

  • मृतका के वीडियो ने खोले प्रताड़ना के राज
  • विशेष जांच टीम की कार्रवाई से मिली अहम सफलता
  • CBCID करेगी जांच

देहरादून: राजधानी देहरादून से सटे डोईवाला क्षेत्र में नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के आरोपी पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस के हाथ मृतका का एक भावुक और सनसनीखेज वीडियो भी लगा है, जिसे उसने अपनी मौत से पहले अपनी मां को भेजा था। इस वीडियो में सृष्टि ने विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर दिए जा रहे मानसिक और शारीरिक टॉर्च की पूरी आपबीती सुनाई थी। पुलिस ने इस वीडियो को मामले में सबसे अहम और पुख्ता साक्ष्य माना है।गौरतलब है कि गत 29 जुलाई को पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि नवंबर 2025 में उनकी बेटी सृष्टि का विवाह हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद पति, सास और ननद ने दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और अंततः उसकी हत्या कर दी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर क्षेत्राधिकारी (CO) डोईवाला वंदना वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की संवेदनशीलता और परिजनों के बयानों व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार को दोनों मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इस पूरी जांच के आदेश सीबीसीआईडी (CBCID) को सौंप दिए गए हैं। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि विवेचना के दौरान जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button