उत्तराखंडताजा खबरें

MDDA का सख्त एक्शन, अजबपुर कला में 8 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर

  • सरस्वती विहार में एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को अजबपुर कला क्षेत्र के सरस्वती विहार में लगभग आठ बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

एमडीडीए के अनुसार, नौटियाल एवं कटियार द्वारा बिना किसी स्वीकृति के आठ बीघा भूमि पर प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध सीमांकन, रास्ते और अन्य विकास कार्यों को पूरी तरह हटा दिया गया। साथ ही स्थल पर सूचना पट्ट लगाकर लोगों को आगाह किया गया कि उक्त प्लॉटिंग एमडीडीए की स्वीकृति के बिना अवैध रूप से की जा रही थी।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई- बंशीधर तिवारी

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अजबपुर कला में की गई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि नियोजित एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। आमजन को किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने दी चेतावनी

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि किसी भी भूखंड या प्लॉट में निवेश करने से पहले एमडीडीए से उसकी वैधता की पुष्टि जरूर कर लें, अन्यथा बाद में कानूनी और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button