उत्तराखंडताजा खबरें

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुल सचिव से मारपीट, परिसर में हंगामा

  • कुलपति कार्यालय के बाहर हुई घटना, घायल कुल सचिव को मेडिकल के लिए ले जाया गया
  • पुलिस को शिकायत का इंतजार

हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शनिवार सुबह कुल सचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुलपति कार्यालय के बाहर कुछ कर्मचारियों ने कुल सचिव को जमीन पर गिराकर पीटा। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा मौके पर पहुंचीं और घायल कुल सचिव को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं। मामले में मेडिकल और पुलिस जांच की प्रक्रिया जारी है।

बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय में पिछले कई दिनों से सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। बाद में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए। करीब 15 दिनों से चल रहा यह आंदोलन शुक्रवार रात आपसी समझौते के बाद समाप्त हुआ था। हालांकि, शनिवार सुबह कर्मचारियों और कुल सचिव के बीच एक बार फिर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हंगामे और मारपीट का रूप ले लिया।

सीसीटीवी फुटेज की होगी जांच

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने बताया कि कुछ कर्मचारियों की ओर से मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थीं। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी। घायल कुल सचिव को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कनखल कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार, संबंधित पक्षों से पूछताछ के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घटना को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button