उत्तराखंडताजा खबरें

एनआईटी श्रीनगर निर्माण में तेजी लाएं, स्थानीय युवाओं को रोजगार दें: डा. धन सिंह रावत

  • समीक्षा बैठक में कहा, स्थानीय लोगों के हक-हकूकों का भी रखें ध्यान
  • श्रीनगर पाॅलीटेक्निक के भवनों को विभाग को वापस करने के निर्देश

देहरादून: कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) श्रीनगर के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से किए गए वायदों के अनुरूप उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

मंत्री ने अपने शासकीय आवास पर तकनीकी शिक्षा विभाग, एनआईटी श्रीनगर और कार्यदायी एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यदायी संस्थाओं की धीमी कार्यशैली के कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश है। राज्य सरकार द्वारा बिजली, पानी और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाएं पहले ही उपलब्ध करा दी गई हैं। अब बाकी कार्य तेजी से पूरे करने की जिम्मेदारी संस्थान और कार्यदायी एजेंसियों की है।

डा. रावत ने एनआईटी अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रीनगर पॉलीटेक्निक के अधिगृहित भवनों को धीरे-धीरे तकनीकी शिक्षा विभाग को वापस सौंपा जाए। साथ ही एनआईटी सीमा के आस-पास के गांवों में पेयजल आपूर्ति भी सुनिश्चित करने को कहा।

बॉक्स: स्थानांतरण समय पर करें बैठक में मंत्री ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के वार्षिक स्थानांतरण नियत समय पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर सभी प्रतिनियुक्ति और संबद्धता समाप्त कर कर्मचारियों को मूल पदों पर भेजने को कहा।

Related Articles

Back to top button