उत्तराखंडताजा खबरें

बुजुर्ग महिला की शिकायत पर एक्शन मोड में डीएम सविन बंसल

  • झण्डा मोहल्ला में पाइपलाइन समस्या पर डीएम का सख्त एक्शन
  • दूषित पानी की समस्या पर डीएम ने लिया संज्ञान
  • जल संस्थान ने तत्काल कराया मरम्मत और सफाई कार्य

देहरादून: जिला प्रशासन जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में झण्डा मोहल्ला तालाब क्षेत्र में कई महीनों से क्षतिग्रस्त पड़ी जल संयोजन पाइपलाइन और दूषित पानी की समस्या पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई कराई।
बताया गया कि क्षेत्र की 80 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक श्रीमती रानी महेंद्रु ने जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए अवगत कराया कि पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क पर लगातार गंदा पानी बह रहा था। इससे न केवल पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही थी, बल्कि राहगीरों के फिसलने और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। साथ ही नालियों में गंदगी जमा होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम सविन बंसल ने संबंधित विभाग से तत्काल आख्या (एटीआर) तलब की और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति सख्त रुख अपनाया। डीएम के निर्देश मिलते ही जल संस्थान की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति को सुचारु किया। इसके साथ ही क्षेत्र में फैली गंदगी हटाकर नालियों की सफाई भी कराई गई।
शिकायत में यह भी सामने आया कि पूर्व में पाइपलाइन मरम्मत कार्य सही तरीके से नहीं किया गया था और उपभोक्ता से अनावश्यक रूप से सामग्री भी मंगवाई गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश देते हुए जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों और आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी समस्याएं प्रशासन और संबंधित विभागों तक जरूर पहुंचाएं, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button