उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने बागेश्वर आपदा प्रभावितों से की मुलाकात

बागेश्वर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को बागेश्वर जिले के आपदा प्रभावित पौंसरी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैसानी में भी आपदा प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

राहत व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी आशीष भटगांई से राहत कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को अतिवृष्टि से पौंसरी के खाईजर तोक में 5 मकान मलबे में दब गए थे। वहां रहने वाले 6 व्यक्तियों में से 5 की मौत हो गई और एक व्यक्ति सुरक्षित मिला। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो की तलाश एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर टीम, ड्रोन, डॉग स्क्वाड और विक्टिम लोकेटिंग कैमरे की मदद से जारी है। प्रभावित परिवारों को राहत राशि दी जा चुकी है और सभी आवश्यक सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नुकसान का आकलन कर पुनर्वास कार्यों को तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पिटकुल के 132 केवी सब स्टेशन को दुरुस्त करने के लिए 52 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

इस अवसर पर विधायक सुरेश गढ़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्ना, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button