उत्तराखंडताजा खबरें

शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार, लूटी चेन, बाइक और तमंचा बरामद

हल्द्वानी: नैनीताल जिले की हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने वाले शातिर और हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट वाली हाई स्पीड अपाचे बाइक और अवैध तमंचा बरामद किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस मामले का त्वरित खुलासा किया। 8 मई 2026 को भोटियापड़ाव क्षेत्र में एक महिला के गले से चेन छीनने की घटना के बाद 18 मई को कोतवाली हल्द्वानी में FIR दर्ज की गई थी।

पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूत्रों के आधार पर आरोपी की पहचान आकाश कुमार गौतम (25 वर्ष) के रूप में की, जो उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के खना गोटिया, सीबीगंज का निवासी है। 19 मई 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छीनी गई सोने की चेन, अपाचे RR 310 मोटरसाइकिल और एक अवैध 315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से FIR दर्ज की गई है।

पुलिस जांच में पता चला कि आकाश कुमार गौतम एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी गुजरात और रुद्रपुर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल भी हो चुका है।

इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सराहना की। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता, भूपेंद्र मेहता, आरती और SOG-CCTV टीम के सदस्यों ने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और लूट की अन्य घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button