उत्तराखंडराज्य

चमोली की देवलग्वाड़ पंचायत में प्रधान प्रत्याशी का निधन, चुनाव स्थगित

थराली(चमोली): त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बीच थराली विकासखंड से एक दुखद समाचार सामने आया है। देवलग्वाड़ गांव से ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी राजेंद्र सिंह पुत्र नैन सिंह (उम्र 38 वर्ष) का अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। इस दुखद घटना के बाद देवलग्वाड़ गांव में ग्राम प्रधान पद का चुनाव स्थगित कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, विगत दिनों राजेंद्र सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी हालत में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन शनिवार को उनकी मृत्यु की खबर ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।

राजेंद्र सिंह एक युवा, कर्मठ और लोकप्रिय प्रत्याशी माने जा रहे थे। उनके निधन से देवलग्वाड़ गांव ही नहीं, बल्कि पूरे थराली क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव के लोग उन्हें एक मिलनसार और जनसेवा भाव से प्रेरित व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं। ग्रामीणों की आंखें नम हैं और हर कोई इस असमय हुई क्षति से आहत है।

इस दुखद घटना के चलते देवलग्वाड़ में ग्राम प्रधान पद का चुनाव फिलहाल नहीं कराया जाएगा। प्रशासन ने औपचारिक रूप से चुनाव स्थगित करने की पुष्टि कर दी है।

 

Related Articles

Back to top button