उत्तराखंडताजा खबरें

एलपीजी कालाबाजारी पर सख्त एक्शन, 6 सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त

देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध गैस रिफिलिंग पर सख्त कार्रवाई की है। क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने सुधोवाला चौक से मांडूवाला मार्ग पर आनंदी हाउस के समीप एक मकान में छापेमारी कर अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया।

छापेमारी के दौरान टीम ने 6 एलपीजी सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, हैंगिंग वेटिंग मशीन और बांसुरी (रिफिलिंग उपकरण) जब्त किए। जब्त सामग्री में 19 किलोग्राम के 2 सिलेंडर और 14 किलोग्राम के 4 सिलेंडर शामिल हैं। मौके पर शिवम पुत्र मुकेश को अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा गया।

पुलिस के सहयोग से सभी सामग्री कब्जे में ली गई। जांच में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 तथा एलपीजी (रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर का उल्लंघन पाया गया। इस मामले में थाना प्रेमनगर में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि जनपद में गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग जैसे कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसी कोई भी अवैध गतिविधि नजर आने पर तुरंत जिला प्रशासन को सूचना दें।

जिला प्रशासन की टीमें लगातार सतर्क निरीक्षण और प्रवर्तन कार्यवाही जारी रखेंगी, ताकि उपभोक्ताओं को सुचारू और सुरक्षित रूप से एलपीजी उपलब्ध हो सके।

शिकायत के लिए संपर्क: आमजन 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 या व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम में जिला खाद्य पूर्ति विभाग तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है।

आज की आपूर्ति: जिले में आज 13,913 से अधिक घरेलू और 1,005 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू एलपीजी का स्टॉक 25,861 तथा व्यवसायिक का 4,313 उपलब्ध है। लोडिंग लगातार बढ़ाई जा रही है।

यह कार्रवाई हाल के दिनों में देशभर में एलपीजी कालाबाजारी पर चल रहे सख्त अभियान का हिस्सा है, जिसमें प्रशासन उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button