उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, 28 मई तक हीटवेव का अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। चटक धूप, गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान ने दिनचर्या को बेहद मुश्किल बना दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, 24 और 25 मई को मैदानी जिलों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो जाएगी।
विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 28 मई तक हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत समेत कई मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। इन दिनों दोपहर में धूप का प्रकोप अत्यधिक रहेगा। लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, खूब पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
वर्तमान में देहरादून का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री और ऊधम सिंह नगर का 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण कुछ राहत मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या गर्जन के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम में बदलाव की उम्मीद 29 मई से पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे) चलने के साथ बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।




