उत्तराखंड

Uttarakhand Weather : मिलने वाली है भीषण गर्मी से राहत, 48 घंटे यहां जमकर बरसेंगे बादल, अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में भीषण गर्मी से राहत की मौसम विज्ञान केंद्र ने बड़ी अपडेट दी है मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डाक्टर बिक्रम सिंह ने प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।

उन्होने बताया कि 31 मई से 2 जून तक प्रदेश भर में मौसम में बदलाव की संभावना है। जबकि पहाड़ में 30 मई को ही बारिश की एक्टिविटी शुरू हो जाएगी।
वहीं 1 और 2 जून को 48 घंटे प्रदेश के कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के अधिकांश जनपदों में मौसम बदलाव होने से बारिश की उम्मीद है।

वहीं बारिश होने से तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। आपको बता दें कि प्रदेशभर में भीषण गर्मी का सितम देखने को मिल रहा है। पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों में सूर्य की तपिश से लोग परेशान हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने जारी किया यलो अलर्ट-
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 30 मई को प्रदेश के 8 जिलों चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और अल्मोड़ा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

31 मई से 2 जून तक प्रदेश भर में येलो अलर्ट-
मौसम केंद्र देहरादून से जारी मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक मई से मौसम की मार झेल रहे आम जनों को जून की शुरुआत से ही इंद्रदेव मेहरबान होने वाले हैं। 31 मई से उत्तराखंड में झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही इस दौरान सभी जनपदों में 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवाऐं चलेंगी, यह सिलसिला 2 जून तक चलेगा जिसमें गरज चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।

तापमान की स्थिति-
मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 40. 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान डिग्री 29.6 और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस था। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Related Articles

Back to top button