व्यावसायिक शिक्षा का नया हब बनेगा पैठाणी

- अगले सत्र से शुरू होंगे बीटेक, बीएड, एमबीए एवं एमसीए पाठ्यक्रम
पैठाणी (पौड़ी): उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने घोषणा की है कि राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी को उत्तराखंड का प्रमुख व्यावसायिक शिक्षा केंद्र बनाया जाएगा। यहां चरणबद्ध तरीके से उद्योग-उन्मुखी और रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।
मंगलवार को महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण युवाओं को आधुनिक व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पैठाणी में यह महाविद्यालय स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि अगले शैक्षिक सत्र से महाविद्यालय में बीटेक, बीएड, एमबीए और एमसीए जैसे पाठ्यक्रम शुरू कर दिए जाएंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।
महाविद्यालय को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं मंत्री ने कहा कि महाविद्यालय को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। यहां विभिन्न प्रयोगशालाएं, छात्रावास, आधुनिक ऑडिटोरियम और प्राचार्य आवास का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए वाद्य यंत्र, ओपन जिम और प्रतीक्षालय बनाने की योजना है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने महाविद्यालय परिसर में निर्मित “शौर्य दीवार” का अनावरण किया। साथ ही पेयजल टंकी का लोकार्पण, वार्षिक पत्रिका ‘बनास’ तथा रसायन विज्ञान की पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना के तहत मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया।
जनसम्पर्क एवं निरीक्षण कार्यक्रम के बाद उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के भ्रमण के दौरान पैठाणी एवं आसपास के गांवों में व्यापक जनसम्पर्क किया। उन्होंने ग्रामीणों, युवाओं और व्यापारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों पर सुझाव मांगे।
ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक में डॉ. रावत ने नशा मुक्त समाज, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने राहु मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. ए.एस. उनियाल, प्राचार्य डॉ. विजय अग्रवाल, यूसीएफ अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, भाजपा नेता राजेंद्र टम्टा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




