उत्तराखंडताजा खबरें

चमोली में बड़ा हादसा: सुरंग के भीतर आमने-सामने भिड़ीं दो लोको ट्रेनें, कई लोग घायल

देहरादून/चमोली: अलकनंदा नदी पर निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग के भीतर एक हादसा हो गया। परियोजना की सुरंग के भीतर शिफ्ट परिवर्तन के दौरान दो लोको ट्रेनों के आमने-सामने टकरा जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय सुरंग के भीतर कुल 109 श्रमिक मौजूद थे।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी चमोली से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सालयों में रेफर करने के निर्देश दिए।

हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी चमोली श्री गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुरजीत सिंह पंवार तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा चिकित्सकों को घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने बताया कि घटना के बाद 70 श्रमिकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया, जिनमें से 66 श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के उपरांत घर भेज दिया गया है, जबकि 04 श्रमिकों को जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। इसके अतिरिक्त पीपलकोटी स्थित विवेकानंद चिकित्सालय में 18 श्रमिकों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया। 21 श्रमिकों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई, वे घटनास्थल से ही अपने घर चले गए थे।

प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button