उत्तराखंडताजा खबरें

चारधाम यात्रा में टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार; 14 लाख के मोबाइल बरामद

देहरादून/चमोली: चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह का चमोली पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह केदारनाथ धाम में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद बद्रीनाथ धाम में सक्रिय होने की तैयारी कर रहा था, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए इन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत के 13 हाई-एंड मोबाइल फोन, 58,860 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल दो लग्जरी वाहन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन में 7 iPhone, 3 Samsung S24 Ultra, OnePlus 10R, Redmi Note 13 और Realme 13 Pro शामिल हैं।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब बद्रीनाथ थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग यात्रा मार्ग पर सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी थेफ्ट स्क्वाड का गठन किया गया। टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर हनुमान चट्टी के पास घेराबंदी कर दो वाहनों को रोका और तलाशी में चोरी का सामान बरामद किया।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे केदारनाथ धाम में भीड़भाड़ वाले स्थानों—मंदिर परिसर और स्नान घाटों—पर श्रद्धालुओं का ध्यान भटकाकर मोबाइल और कीमती सामान चोरी करते थे। बरामद मोबाइलों में एक iPhone 15 Pro Max ऐसा भी मिला, जिसकी चोरी का मामला सोनप्रयाग थाने में दर्ज है।

पुलिस ने पंजाब और राजस्थान के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दोनों वाहनों को सीज कर दिया है। चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान की विशेष सुरक्षा रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही जिन श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन चोरी हुए हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ थाना सोनप्रयाग या कोतवाली बद्रीनाथ में संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button