मुख्यमंत्री घोषणा पर मोलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण को मिली सैद्धांतिक मंजूरी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों पर राज्य सचिवालय में सचिव, आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में घोषणा संख्या-800/2021 के तहत अल्मोड़ा के मोलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है।
विभागीय व्यय समिति की बैठक में बताया गया कि पर्वतीय भूगोल के कारण गहरी नींव, ढलान स्थिरीकरण, भूकंपरोधी डिजाइन और अतिरिक्त आरसीसी संरचनाओं की जरूरत के चलते परियोजना की लागत बढ़कर ₹591.16 लाख हो गई है। ड्रोन सर्वे तथा वीडियोग्राफी से स्थल का निरीक्षण किया गया, जिसमें यह पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया। स्थानीय स्तर पर बढ़ते वाहनों की संख्या को देखते हुए यह परियोजना क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
बैठक के बाद डॉ. आर. राजेश कुमार ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई समस्त घोषणाओं से संबंधित प्रकरणों में तेजी लाई जाए। लंबित पत्रावलियों को एक सप्ताह के अंदर प्रस्तुत किया जाए, ताकि स्वीकृति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री धामी की घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतार रही है और मोलेखाल पार्किंग परियोजना की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति शीघ्र पूरी कर ली जाएगी।




