उत्तराखंडराज्य

निबंधक सहकारिता मेहरबान सिंह बिष्ट ने संभाला पदभार

देहरादून: आईएएस अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने बुधवार को मियांवाला, देहरादून स्थित मुख्यालय में निबंधक सहकारिता के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और सभी योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

बिष्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारिता विभाग की योजनाएं धरातल पर प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से लागू की जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ अधिक से अधिक महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का है। साथ ही भारत सरकार की सहकारिता योजनाओं को भी प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा गया।

उन्होंने विशेष रूप से बैंकिंग क्षेत्र में वास्तविक किसानों को पारदर्शी तरीके से ऋण वितरण सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक में अपर निबंधक आनंद शुक्ल ने बताया कि “मुख्यमंत्री घसियारी कल्याण योजना” के अंतर्गत गौ-पालकों को सब्सिडी युक्त उच्च गुणवत्ता का साइलेज उपलब्ध कराया जा रहा है। संयुक्त निबंधक नीरज बेलवाल ने बैंकिंग से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि मंगला त्रिपाठी ने हॉर्टिकल्चर फेडरेशन, प्रादेशिक कोऑपरेटिव यूनियन और अन्य विभागीय गतिविधियों की जानकारी साझा की। उप निबंधक रमिंद्री मंदरवाल ने प्रदेश में भंडारण क्षमता और वेयरहाउस से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में सहायक निबंधक (मुख्यालय) राजेश चौहान, मोनिका चूनेरा, सुमन कुमार और दिग्विजय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button