अन्य ख़बरें

राज्य स्थापना दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में 25 पाउंड का केक काटा

  • खुशहाल उत्तराखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि- करण

देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना के पच्चीस वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित राज्य निर्माण रजत जयंती समारोह पखवाड़े के तहत रविवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सेवा दल द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने 25 पौंड का केक काटकर जयंती समारोह का शुभारंभ किया।

मुख्यालय में एकत्र हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम, ध्वज गीत और राष्ट्रगान गाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “उत्तराखंड के शहीद अमर रहें” और “जय उत्तराखंड” के नारे लगाए।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने राज्यवासियों को रजत जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समय आत्ममंथन का है कि क्या हम शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बना पाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान राज्य की आर्थिक और औद्योगिक नींव मजबूत की, भू-कानून, शिक्षा और चिकित्सा संस्थानों की स्थापना के साथ-साथ गैरसैंण में अवस्थापना विकास जैसे ऐतिहासिक कार्य किए।

माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा के पंद्रह वर्षों के शासन में राज्य में अव्यवस्था, नशाखोरी, अवैध खनन, भर्ती घोटालों और महिलाओं के प्रति अपराधों में वृद्धि हुई है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा उत्तराखंड की खुशहाली के लिए समर्पित रही है और सत्ता में आने पर जनता के हित में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

रजत जयंती पखवाड़े के संयोजक एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि आज राज्य निर्माण दिवस पर प्रदेशभर में कांग्रेस के विभिन्न नेताओं ने ध्वजारोहण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। गैरसैंण में गणेश गोदियाल, हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, खटीमा में विधानमंडल दल नेता यशपाल आर्य और उपनेता भुवन कापड़ी ने कार्यक्रमों में भाग लिया।

राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, मदन लाल, सूर्यकांत धस्माना, जगदीश धीमान, नवीन जोशी, हेमा पुरोहित, दिनेश कौशल, गौरव सिंह, डॉ. प्रतिमा सिंह, नीरज त्यागी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button