उत्तराखंडक्राइमताजा खबरें

देहरादून में हेमन्त सेमवाल गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा, चार आरोपी नामजद

  • हत्या, हत्या के प्रयास और मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त समेत कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
  • आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित

देहरादून: राजधानी देहरादून में संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गैंग लीडर हेमन्त सेमवाल समेत चार आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है और उनकी तलाश में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, हेमन्त सेमवाल अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर संगठित रूप से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता रहा है। गिरोह के सदस्यों के खिलाफ नेहरू कॉलोनी, कोतवाली नगर और पटेलनगर थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, साक्ष्य मिटाने, मारपीट, लोक सेवक को कर्तव्य पालन से रोकने और मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य आपराधिक गतिविधियों के जरिए अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। उनकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी देहरादून को रिपोर्ट भेजी गई थी। जिलाधिकारी से प्राप्त निर्देशों के क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0 439/2026 दर्ज किया गया है। यह मुकदमा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 2/3 के तहत पंजीकृत किया गया है।

ये चार आरोपी हैं नामजद

गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में हेमन्त सेमवाल (37), निवासी नई बस्ती, सी-ब्लॉक, रेसकोर्स; आदिल (38), निवासी नई बस्ती, सी-ब्लॉक, रेसकोर्स; वैभव भट्ट उर्फ संजू (25), निवासी नई बस्ती, सी-ब्लॉक, रेसकोर्स और राजनन्दन कुमार (22), निवासी न्यू पटेलनगर, देहरादून, को नामजद किया गया है।

पुलिस का कहना है कि एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button