महिला सफाईकर्मियों से मारपीट और धमकी देने के आरोप में 6 के खिलाफ एफआईआर

- इन्दिरेश अस्पताल में मारपीट का मामला
- कृष्णा हाउसकीपिंग के मालिक दीपक जायसवाल पर मुकदमा दर्ज
- अस्पताल में 2 सफाईकर्मियों से हुई मारपीट और जानलेवा हमला
- महिला हाउसकीपिंग स्टाफ की तहरीर पर पटेल नगर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
देहरादून: श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में कार्यरत दो महिला सफाईकर्मियों के साथ कथित मारपीट, जानलेवा हमला और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पटेल नगर थाना पुलिस ने कृष्णा हाउसकीपिंग के संचालक दीपक जायसवाल, विनोद नौटियाल सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में हाउसकीपिंग के चार सुपरवाइजरों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार अस्पताल में कार्यरत सफाई कर्मचारी मंजीत कौर और गीता देवी ने आरोप लगाया है कि कृष्णा हाउसकीपिंग के संचालकों के कहने पर 5–6 महिलाओं ने उनके साथ मारपीट की और जानलेवा हमला किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वे भयभीत हैं।
दोनों महिलाओं ने पुलिस को दी गई शिकायत में अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि आरोपियों से उन्हें भविष्य में भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटेल नगर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि दोनों शिकायतकर्ता लंबे समय से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। घटना के बाद से वे मानसिक रूप से आहत हैं। पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।




